
विराटनगर। संविधान दिवस एवं राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर कोशी प्रदेश के मुख्यमंत्री हिक्मत कुमार कार्की ने ऐतिहासिक संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक गणतंत्र को सुदृढ़ बनाने हेतु सभी राजनीतिक दलों, नागरिक समाज तथा आम नेपाली जनता से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री कार्की ने कहा कि सात दशकों से अधिक संघर्ष और बलिदान के फलस्वरूप वि.सं. २०७२ साल असोज ३ गते जननिर्वाचित संविधान सभा द्वारा जारी संविधान नेपाल के संघीय लोकतांत्रिक गणतंत्रात्मक शासन प्रणाली का आधारस्तंभ है। उन्होंने इसके संरक्षण के लिए सबको मिलकर प्रयास करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भदौ २३ गते भ्रष्टाचार समाप्ति और सुशासन की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में जान गुमाने वाले युवाओं के प्रति भी गहरी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि कोशी प्रदेश सरकार संविधान के पालन, कानून के शासन, सुशासन और पारदर्शिता को मजबूत करते हुए भ्रष्टाचार उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक–आर्थिक विकास को गति देते हुए समाजवाद उन्मुख राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था निर्माण करना आज का दायित्व है।
संविधान कार्यान्वयन के दौरान देखी गई चुनौतियों को उचित ढंग से संविधान संशोधन के माध्यम से हल करने और राजनीतिक स्थिरता, सामाजिक सद्भाव तथा राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने की आवश्यकता पर भी उन्होंने बल दिया।
मुख्यमंत्री कार्की ने युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मकता और कौशल का सदुपयोग कर समृद्ध नेपाल की राष्ट्रीय आकांक्षा पूरी करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने विश्वास जताया कि संविधान दिवस सभी को आवेग और उत्तेजना से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विवेकपूर्ण ढंग से आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।